Rampur News: युवतियों से छेड़छाड़ कर रहे मनचलों को ग्रामीणों ने बंधक बनाकर पीटा, किया पुलिस के हवाले
स्वार। क्षेत्र के एक गांव में पड़ोसी गांव के युवकों ने राह चलती युवतियों पर फब्तियां कसना शुरु कर दी। विरोध किया तो अश्लील इशारे करते हुए अभद्रता शुरु कर दी। युवतियों ने बचाव के लिए चीख पुकार मचा दी जिसके चलते ग्रामीण आ गए। फिर क्या था उन्होंने युवकों को घेर लिया और बंधक बनाकर जमकर पिटाई शुरु करदी। बाद में मनचले युवकों को सूचना पर आई पुलिस के हवाले कर दिया गया।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में घोसीपुरा पट्टीकलां निकट जग्गनाथपुर गांव पड़ता है जो उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जनपद में पड़ता है। बताते हैं कि गांव के दो युवक बाइक से निकटवर्ती गांव पहुंच गए और उधर से गुजर रही युवतियों पर फब्तियां कसना शुरु करदीं। युवतियों ने पहले तो इस हरकत को नजर अंदाज किया लेकिन इसके बाद भी मनचलों ने अपनी हरकतें जारी रखीं और अश्लील इशारे करने लगे। बताते हैं कि युवतियों ने आपत्ति जताई तो वह उनके साथ अभद्रता करने पर आमादा हो गए। मनचलों के इरादे भांप कर युवतियों ने शोर मचाना शुरु कर दिया जिसे सुनकर तमाम ग्रामीण मौके पर आ गए।
ग्रामीणों ने उन्हें घेर लिया और लात-घूसों से पिटाई शुरु करदी। युवकों ने जब भागने का प्रयास किया तो उन्हें बंधक बनाकर पीटा गया। इसी दौरान किसी ने घटना की जानकारी मसवासी पुलिस चौकी को देदी। पुलिस तत्काल ही मौके पर पहुंच गई जिसने किसी तरह मनचलों को बचाया और अपने साथ स्वार कोतवाली ले गई। इस संबंध में कोतवाल अजय कुमार मिश्रा का कहना है कि मनचले युवकों से पूछताछ की जा रही है। उनके खिलाफ समुचित कार्रवाई की जाएगी।