Rampur News: एनपीएस में घोटाले को लेकर आज शिक्षक डीआईओएस को देंगे ज्ञापन
रामपुर। प्रदेश के कुछ जिलों में एनपीएस (नई पेंशन स्कीम) के पैसे को लेकर गड़बड़ी और इसका हिसाब न मिलने के कारण उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (चंदेल गुट) के पदाधिकारी शुक्रवार को जिला विद्यालय निरीक्षक को ज्ञापन सौंपेंगे। जिसके जरिये एनपीएस का हिसाब मांगा जाएगा। प्रत्येक शिक्षक की पासबुक बनवाकर उसमें प्रतिमाह राज्यांश सहित धनराशि को दर्शाए जाने की मांग की जाएगी।
संगठन के प्रदेश महामंत्री रामबाबू शास्त्री ने बताया कि संज्ञान में आया है कि कुछ जिलों में शिक्षकों के एनपीएस के खातों में घोटाला हुआ है और उनकी कटौती की धनराशि का हिसाब स्पष्ट नहीं है। अन्य जिलों में इसकी पुनरावृत्ति न हो इसके लिए संगठन के प्रदेशीय आह्वान पर जिला विद्यालय निरीक्षक को ज्ञापन देकर हिसाब मांगा जाएगा। जिसमें यह भी मांग की जाएगी कि सभी शिक्षकों की पासबुक बनवाकर संबंधित को दी जाए। जिसमें प्रत्येक माह राज्यांश सहित धनराशि दर्शाई जाए। जिलाध्यक्ष मुनीश शर्मा ने बताया कि शुक्रवार को संगठन के बैनर तले सभी शिक्षक जिला विद्यालय निरीक्षक को अपना ज्ञापन सौंपैगे।
बोले पदाधिकारी
एनपीएस को लेकर कुछ जिलों में घोटाला हुआ है। माध्यमिक शिक्षक संघ विभागीय अधिकारियों से एनपीएस का हिसाब लेगा। हिसाब न देने पर संबंधित जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर 16 नवंबर से नियमित धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
पुरानी पेंशन शिक्षक और कर्मचारियों के हित में है, लेकिन सरकार नई पेंशन स्कीम लाई है। इसमें वैसे भी तमाम विसंगतियां हैं। उसमें भी घोटाले की बात सामने आई है। इसको लेकर शुक्रवार को जिला विद्यालय निरीक्षक को ज्ञापन सौंपा जाएगा।