रामपुर

Rampur News: आम से दोगुना हुए टमाटर के दाम

Connect News 24

रामपुर। बारिश ने गर्मी से भले ही राहत पहुंचाई, लेकिन इससे सब्जियों की कीमत में आग लग गई है। बारिश में मौसमी सब्जियां खराब होने से बाजार में इसकी आवक पर असर पड़ा है। इसके चलते एक सप्ताह में टमाटर 30 रुपये से 150 प्रति किलो तक पहुंच गया। वहीं खीरा के भाव भी 80 रुपये प्रति किलो हो गए। वहीं विभिन्न वैरायटी का आम 70 से 80 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा है।

बारिश का सर्वाधिक असर सब्जियों की फसल पर ही पड़ा है। पिछले महीने थोक मंडी में एक से दो रुपये और फुटकर में 15 से 20 रुपये प्रति किलो टमाटर बिक रहा था। लागत न निकल पाने के चलते तमाम किसान अपना टमाटर सड़क पर फेंक रहे थे। एक सप्ताह पहले तक टमाटर की कीमत 30 रुपये प्रति किलो थी, लेकिन बारिश होते ही टमाटर का भाव 150 रुपये प्रति किलो पहुंच गया। मौसमी सब्जियों में तोरई, लौकी, करेला और बैंगन के दाम भी एक सप्ताह में तीन गुने से चार गुने तक पहुंच गए हैं। सब्जियों की बढ़ी कीमतों ने रसोई का बजट बिगाड़ दिया है।

सब्जी कारोबारी रामकिशन ने बताया कि बारिश के बाद से खेतों में सब्जियां बर्बाद हुई हैं। इसलिए जनपद में सब्जियों की कमी पड़ रही है। इन दिनों मंडी में बेंगलुरु से टमाटर, छत्तीसगढ़ के रायपुर से खीरा और मध्यप्रदेश से अदरक मंगाई जा रही है। दूसरे राज्यों की सब्जियां आने से किराया का खर्च अधिक हो गया है। इसी वजह से सब्जियों की कीमत बढ़ गई है। बारिश जारी रही तो सब्जियों पर महंगाई और बढ़ सकती है।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button