Rampur News: ट्रक ने ट्रैक्टर ट्रॉली मेँ मारी टक्कर, एक की मौत तीन घायल
धमोरा(रामपुर)। शहजादनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत फैजुल्लानगर गांव स्थित एक स्कूल के सामने सुबह साते बजे ईंट से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को ट्रक ने टक्कर मार दी। बुधवार की सुबह एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार पांच लोग एक भट्ठे से ईंट भरकर रामपुर शहर की ओर जा रहे थे। इसी बीच शहजादनगर और सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सीमा पर एक ट्रक ने ट्रॉली में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली पर बैठे लोग नीचे गिर गए। हादसे में बरेली जनपद के गौस गंज गौटिया थाना शाही निवासी सम्सुददीन की ट्रक से दबकर मौके पर मौत हो गई। मिलक थाना क्षेत्र के जगन्नाथपुर गांव निवासी नईम, धर्मेंद्र, और चंद्रपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रैक्टर चला रहे चालक सद्दाम ने किसी तरह घायलों को राहगीरों की मदद से जिला अस्पताल भिजवाया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। अस्पताल में एक युवक को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक सम्सुददीन के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शेष तीनों घायलों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। हादसे के बाद मौके से ट्रक चालक और परिचालक फरार हो गए। पुलिस ने मृतक के रिश्तेदार सद्दाम की और से मिली तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।