Rampur News: डीजे पर डांस को लेकर कांवड़ियों के दो जत्थों में मारपीट, एक कांवड़िया घायल
रामपुर। डीजे पर डांस कंपटीशन को लेकर रविवार की रात रामपुर रोडवेज बस स्टैंड पर कांवड़ियों के दो जत्थों में मारपीट हो गई। जिसमें एक कांवड़िया घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया। साथ ही घायल कांवड़िये का उपचार कराया। हरिद्वार से जल लेकर आ रहा कांवड़ियों का एक जत्था रविवार की रात रामपुर रोडवेज बस स्टेशन पर रुककर आराम कर रहा था। उनके साथ डीजे भी था, जिस पर भजन बज रहे थे। इस बीच एक जत्था जल लेने के लिए हरिद्वार जाने के लिए निकला था। यह जत्था भी रोडवेज बस स्टेशन पर रुका हुआ था। ठहराव के दौरान ही दोनों जत्थों के डीजे बज रहे थे और जत्थे में शामिल कांवड़िये डांस कर रहे थे। डांस कंपटीशन के दौरान जत्थे में शामिल एक युवक का विवाद हो गया। जिसके बाद दोनों जत्थों में मारपीट शुरू हो गई। जिससे बस स्टैंड पर हंगामा हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को शांत कर दिया। इस घटना में घायल एक युवक का बाद में इलाज कराया गया। पुलिस ने फिलहाल कोई मामला दर्ज नहीं किया है। सिविल लाइंस थाना प्रभारी शरद पवार ने बताया कि इस मामले में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था।