Rampur News: अनियंत्रित पिकअप हाईवे पर पलटी, दो महिलाओं की मौत, 11 घायल
संवाद न्यूज एजेंसी, रामपुर
Updated Sun, 13 Aug 2023 12:01 AM IST
धमोरा (रामपुर)। रामपुर-बरेली हाईवे पर शनिवार की सुबह झपकी आने पर दिल्ली से सवारी लेकर आ रही तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे पलट गई। इसमें दिल्ली की रोहिणी निवासी अलीशा (40) पत्नी लाईक अहमद और शाहजहांपुर के थाना मोहम्मदी खीरी निवासी कमर जहां (55) पत्नी यूसुफ की मौत हो गई। जबकि 11 लोग घायल हो गए।
शाहजहांपुर के थाना रामनगर कॉलोनी निवासी आरिफ पुत्र बेचे शनिवार की सुबह दिल्ली से पिकअप में सवारी लेकर शाहजहांपुर जा रहा था। धमोरा थाना क्षेत्र में अहमदाबाद गांव के पास पहुंचने पर आरिफ को झपकी आ गई। जिससे तेज रफ्तार पिकअप नियंत्रित होकर हाईवे के किनारे पर पलट गई। हादसे के बाद पिकअप में सवार लोगों में चीख पुकार मच गई। घटनास्थल पर एकत्र राहगीरों ने पुलिस को सूचना देने के बाद राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विनय कुमार टीम के साथ पहुंचे और राहगीरों की मदद से घायलों को बाहर निकाला। हादसे में अलीशा, कमर जहां, मारिया, तौहीद, लाईक, कल्लू, इशाक समेत 11 घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर अलीशा पत्नी लाईक और कमर जहां पत्नी यूसुफ ने दम तोड़ दिया। अन्य घायलों को जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।