रामपुर

Rampur News: जर्जर बिजली के तार और गले खंभों से मिलेगी निजात

Connect News 24

रामपुर। बिजली विभाग की ओर से रामपुर को जर्जर बिजली के तारों और गले खंभों से निजात दिलाने का काम शुरू कर दिया गया है। शहर विधायक आकाश सक्सेना ने इस कार्य का शुभारंभ किया। प्रदेश में रामपुर नगर पहली ऐसी विधानसभा है, जहां इस कार्य की शुरुआत हुई है।

रामपुर की बिजली व्यवस्था का बुरा हाल है। बिजली के तार बदहाल हो गए हैं, तो कई जगह बिजली के खंभे गल चुके हैं। ऐसे में फाल्ट होने की वजह से ट्रिपिंग की समस्या आम हो गई है। इसके अलावा कई कालोनियों में बिजली के खंभे न होने की समस्या है। जिस कारण लोगों को कनेक्शन लेने में काफी दिक्कतें हो रही हैं। इन शिकायतों को दूर करने के लिए केंद्र सरकार की ओर आरडीएसएस (रिवेम्प्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर रिफॉर्म स्कीम) योजना शुरू की गई है। इस योजना के तहत सबसे पहले रामपुर की नगर विधानसभा क्षेत्र में काम शुरू किया गया है। शनिवार को शहर विधायक आकाश सक्सेना ने कृष्णा मंदिर के पास नारियल फोड़कर कार्य की शुरूआत की। इसके बाद बिजली लाइनों को दुरूस्त करने का काम शुरू हुआ। शहर विधायक ने बताया कि योजना के तहत शहर की तमाम कालोनियों में खंभे लगाने के साथ ही जर्जर तारों को बदलने का काम शुरू होगा। साथ ही ट्रांसफार्मरों की क्षमतावृद्धि भी होगी। जिससे लोगों को बिजली की दिक्कत न आए। ट्रिपिंग की समस्या पूरी तरह से दूर हो जाए। उन्होंने बताया कि आगामी कुछ दिनों में यह काम पूरा हो जाएगा। जिसके बाद बिजली की समस्या पूरी तरह से दूर हो जाएगी। उन्होंने बताया कि 2024 से पहले-पहले यह कार्य निपट जाएगा।

लोगों को यह मिलेगी राहत

बिजली के तारों के दुरुस्त होने से और नई कालोनियों में विद्युतीकरण होने व खंभे बदलने से शहर की बिजली आपूर्ति में सुधार होगा। शहर के हर मोहल्ले में यह काम कराया जाएगा। इसके अलावा जहां ट्रांसफार्मरों की क्षमतावृद्धि की दरकार है, वहां ट्रांसफार्मरों की क्षमतावृद्धि की जाएगी। कहीं यदि नए ट्रांसफार्मर लगाए जाने हैं, तो यह कार्य भी इस योजना में शामिल है।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button