Rampur News: हाईवे से ही गुजर रहीं रोडवेज बसें, भारी वाहनों का मार्ग बदला
रामपुर। सावन के चौथे सोमवार पर होने वाले जलाभिषेक के लिए कांवड़ियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए बरेली-मुरादाबाद हाईवे पर शुक्रवार रात आठ बजे से रूट डायवर्जन लागू कर दिया गया। हाईवे पर भारी वाहनों का प्रवेश बंद कर दिया गया। एक लेन पर रोडवेज बसें, कार, टेंपो, बाइक आदि वाहनों को हाईवे से गुजरने की अनुमति दी गई है।
हाईवे पर रूट का डायवर्जन सोमवार रात आठ बजे तक लागू रहेगा। इस दौरान कांवड़ियों को एक लेन में से गुजारा जा रहा है, वहीं दूसरी लेन में रोडवेज बस, कार व हल्के वाहन गुजर रहे हैं। कांवड़ियों की भीड़ बढ़ने पर बसों का आवागमन बंद कर दिया जाएगा। यातायात निरीक्षक अवधेश कुमार ने बताया कि रात आठ बजे से डायवर्जन शुरू हो चुका है। फिलहाल रोडवेज बसें हाईवे से ही गुजारी जा रही हैं।
इन मार्गाें से गुजारे जा रहे बड़े वाहन
-बरेली से दिल्ली को जाने वाले भारी वाहन आंवला, शाहबाद, बिलारी, चंदौसी, बबराला, नरौरा, बुलंदशहर होकर दिल्ली को गुजारे जा रहे हैं।
-मीरगंज व अन्य मार्गों से दिल्ली जाने वाले वाहनों को तीन बत्ती तिराहा थाना मिलक से पटवाई, शाहबाद, बिलारी, नरौरा होते हुए दिल्ली भेजा जा रहा है।
-रुद्रपुर से वाया रामपुर होते हुए दिल्ली की ओर जाने वाले भारी वाहनों को जौहर पुलिया थाना गंज से बाईपास जीरो प्वाइंट शहजादनगर से अजीतपुर बाईपास पुल की साइड से शाहबाद होते हुए बिलारी, चंदौसी, बबराला, बुलंदशहर होकर दिल्ली भेजा जा रहा है।
-रामपुर से मुरादाबाद जाने वाले भारी वाहन शाहबाद, बिलारी होकर गुजारे जाएंगे। इसी प्रकार मुरादाबाद से रामपुर आने वाले भारी वाहनों को बिलारी से शाहबाद होकर भेजा जा रहा है।
-बरेली जाने वाले भारी वाहनों को शाहबाद से आंवला, अलीगंज होते हुए गुजारा जाएगा। हल्द्वानी रुद्रपुर से आने वाले भारी वाहन बिलासपुर गेट से होकर गुजर रहे हैं। रामपुर से हल्द्वानी-रुद्रपुर की तरफ जाने वाले वाहन इसी रूट से होकर गुजर रहे हैं।
-हापुड़, मेरठ, गढ़ की ओर से रामपुर आने वाले भारी वाहनों को गढ़ चौपला जनपद हापड़ से डायवर्ट कर बुलंदशहर, नरौरा, बबराला, चंदौसी, बिलारी, शाहबाद होते हुए रामपुर भेजा जा रहा है।