Rampur News: हाईवे पर रोडवेज बस की टक्कर से स्कूटी सवार सपा नेता की मौत
बिलासपुर (रामपुर)। आढ़त बंद कर स्कूटी से घर जा रहे सपा नेता रतिराम यादव (70) की शुक्रवार की रात आठ बजे नैनीताल हाईवे स्थित जीरो प्वाइंट पर उत्तराखंड डिपो की रोडवेज बस की टक्कर मौत हो गई। हादसे के बाद भाग रहे आरोपी चालक को पुलिस ने पकड़ लिया। शनिवार को परिजनों ने गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव कादरीगंज निवासी रतिराम यादव वर्तमान में नगर की शिवबाग मंडी में रहकर गल्ले की आढ़त का कारोबार करते थे। वह सपा के पूर्व जिला महासचिव, जिला यादव सभा के जिलाध्यक्ष, स्थानीय तराई खाद्य व्यापार संघ व श्री बालाजी मंदिर कमेटी के संरक्षक के साथ ही उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के पूर्व उपाध्यक्ष थे। शुक्रवार की रात करीब आठ बजे वह नवीन मंडी स्थित अपनी आढ़त बंद करके स्कूटी से घर आ रहे थे। नवीन मंडी के सामने हाईवे स्थित जीरो प्वाइंट पर पहुंचने पर सामने से आ रही उत्तराखंड परिवहन निगम की बस ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने उन्हें गंभीर हालत में सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। लेकिन परिजन उन्हें बेहतर उपचार के लिए उधम सिंह नगर में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर देर रात तीन बजे उन्होंने दम तोड़ दिया। कोतवाली प्रभारी नवाब सिंह ने बताया कि घटना की अभी तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
हर पार्टी के नेता अंतिम संस्कार में पहुंचे
सपा नेता रतिराम यादव काफी मिलनसार और मृदुभाषी थे। उनकी मौत की सूचना पर हर किसी को सदमा लगा है। भाजपा के राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, ब्लॉक प्रमुख कुलवंत सिंह औलख, सपा नेता मोहम्मद आजम खां, पूर्व विधायक संजय कपूर, पूर्व शिक्षक विधायक रामबाबू शास्त्री, पूर्व विधायक बीना भारद्वाज, पूर्व विधायक विजय सिंह, पालिका अध्यक्ष चित्रक मित्तल, दर्नन लाल चुघ, पूर्व डीसीबी चेयरमैन अमरीश पटेल, जिला पंचायत सदस्य अमरजीत सिंह, लखविंदर सिंह, सुनील गुप्ता, अजय सिंघल, प्रमोद गंगवार, आरिफ खां आरोमा, संतोख सिंह खैरा, सुनील गुप्ता, गौरव लाठे, अतिन अग्रवाल, रमेश चंद्र गंगवार, उपकार गोयल, अमृतपाल सिंह गिल हैप्पी, सुरेश अग्रवाल, मंजीत सिंह अटवाल, जागीर सिंह, धन्नूमल बंसल, सुदर्शन मदान, सतपाल जिंदल, धर्मपाल जैन, रवि गोयल आदि ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।
बेटे के बात मान लेते तो बच जाती जान
हादसे में जान गंवाने वाले सपा नेता के छोटे बेटे ने बताया कि वह शुक्रवार की रात आढ़त बंद करके कार से अपने घर को चले थे। उन्होंने पिता से कार में उनके साथ चलने को कहा था। वह कार में बैठ भी गए थे। मगर बाद में यह कहकर कार से उतर गए कि वह स्कूटी से आएंगे। क्योंकि सुबह उन्हें स्कूटी न होने पर योगा करने जाने में दिक्कत होगी। कहा कि अगर उनके पिता ने उनकी बात मानी होती तो शायद वह बच सकते थे।