Shahjahanpur News: किसानों को फसल के अवशेष प्रबंधन के लिए किया गया जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Sat, 07 Oct 2023 01:09 AM IST

किसान मेले में लगे स्टाल पर जानकारी लेते किसान। संवाद
शाहजहांपुर। कृषि विज्ञान केंद्र नियामतपुर पर फसल अवशेष प्रबंधन परियोजना के तहत एक दिवसीय किसान मेला, कृषक वैज्ञानिक संगोष्ठी एवं कृषि प्रदर्शनी का आयोजन हुआ।
मेले का उद्घाटन मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष ममता यादव ने विशिष्ट अतिथि विनोबा सेवा आश्रम के संस्थापक रमेश भैया एवं निदेशक गन्ना शोध परिषद डॉ. सुधीर शुक्ला की उपस्थिति में फीता काटकर किया। अतिथियों ने मेला प्रांगण में लगी हुई कृषि प्रदर्शनी के स्टालों का निरीक्षण किया। कृषक गोष्ठी में कृषि विज्ञान केंद्र के डॉ. नरेंद्र प्रसाद प्रोफेसर ने फसल अवशेष प्रबंधन पर तकनीकी एवं विभिन्न यंत्र हैप्पी सीडर, सुपरसीडर मल्चोर, सीड ड्रिल आदि के प्रयोग की जानकारी दी। केंद्र के प्रभारी डॉ. एनसी त्रिपाठी ने रबी फसलों की उत्पादन तकनीकी के बारे में बताया। वैज्ञानिक डॉ. महेश कुमार ने सब्जी उत्पादन एवं फलों की बागवानी, वैज्ञानिक डॉ. शिव कुमार यादव ने पशु प्रबंधन एवं चारा उत्पादन प्रबंधन, जिला गन्ना अधिकारी जितेंद्र कुमार मिश्रा ने गन्ने की खेती एवं नवीन प्रजातियों के बारे में और फसल अवशेष प्रबंधन के बारे में किसानों को बताया। प्रगतिशील कृषक अंशुल मिश्रा ने ड्रैगन फ्रूट की खेती और कौशल मिश्रा ने गन्ने की खेती एवं अपने प्रयोगों के बारे में बताया। गन्ना शोध परिषद के निदेशक डॉ. सुधीर शुक्ला ने गन्ने की नवीनतम प्रजातियों को अपनाने के लिए और ट्रेंच विधि से बुवाई के लिए कृषकों को प्रेरित किया। जिला पंचायत अध्यक्ष ममता यादव ने कृषकों को फसल अवशेषों को नहीं जलाने के लिए प्रेरित किया। रमेश भइया ने गोमाता एवं धरती माता का संरक्षण पोषण एवं देखभाल के लिए जैविक खेती को अपनाने के लिए प्रेरित किया। प्रदर्शनी में कृषि एवं उससे जुड़ी संस्थाओं पेस्टिसाइड, उर्वरक, सूक्ष्मजीव तत्व उर्वरक माइक्रो इरिगेशन, गन्ना खेती आदि पर विभिन्न स्टाल लगाए गए। सर्वोत्तम स्टॉल का पुरस्कार गन्ना शोध परिषद को दिया गया। फसल अवशेष प्रबंधन पर जनपद में अच्छा कार्य करने वाले 20 कृषकों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उप संभागीय प्रसार अधिकारी आनंद त्रिपाठी, जिला कृषि रक्षा अधिकारी संजय यादव, लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद के प्रतिनिधि विनीत मिश्रा आदि मौजूद रहे।