Bareilly News: रसुइया में सिग्नल फेल, चार ट्रेनें प्रभावित
बरेली। बंथरा स्टेशन पर लूप लाइन के काम के चलते रेलवे ने 12 जोड़ी ट्रेनों को पहले ही निरस्त कर दिया है। इस बीच शेष संचालित ट्रेनों की लेटलतीफी भी दूर नहीं हो रही है। बुधवार को बंथरा में ब्लॉक के बीच ट्रेनों को कॉशन के साथ पास किया गया। इस बीच रसुइया स्टेशन पर सिग्नल फेल होने के कारण भी समस्या रही। इस कारण चार ट्रेनें प्रभावित रहीं। इस कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
जम्मूतवी से भागलपुर जाने वाली 15098 अमरनाथ एक्सप्रेस बुधवार को करीब एक घंटा देरी से दोपहर 12:43 बजे बरेली पहुंची थी। बरेली से रवाना करने के बाद करीब दस किमी दूरी तय कर रसुइया स्टेशन के पास पहुंचा तो यहां तकनीकी खराबी के कारण ट्रेन को सिग्नल नहीं मिला। ऐसे में ट्रेन को रोकना पड़ा। कोलकाता से अमृतसर के बीच चलने वाली 12356 दुुर्गयानी एक्सप्रेस ने बुधवार को 11 घंटे से ज्यादा इंतजार कराया। दुर्गयानी एक्सप्रेस के बरेली आने का समय सुबह 6:16 बजे है, लेकिन यह ट्रेन शाम 5.48 बजे बरेली आई।
13010 ऋषिकेश-हावड़ा योग नगरी एक्सप्रेस दो घंटे देरी से आई। रसुइया में पिछले माह ही लूप लाइन का काम हुआ है। यहां 12 नए सिग्नल बनाए गए हैं। अक्सर सिग्नल में तकनीकी खराबी के कारण ट्रेनें प्रभावित हो रही हैं।
सहारनपुर में ब्लॉक का भी दिखेगा बरेली तक असर
बरेली। अंबाला रेल मंडल के तहत आने वाले सहारनपुर स्टेशन पर 21 मई को लिए जाने वाले आठ घंटे के मेगा ब्लॉक का असर मुरादाबाद रेल मंडल पर भी दिखेगा। हालांकि, ब्लॉक के कारण इन ट्रेनों को निरस्त किया जा रहा है वह सहारनपुर से रुड़की, हरिद्वार होते हुए ऋषिकेश जाती हैं। 21 और 22 मई को 12 ट्रेनों का रूट बदला गया है और 12 ट्रेनों काे निरस्त किया गया है। इन ट्रेनों का संचालन मुरादाबाद रेल मंडल के तहत ही होती है। इन ट्रेनों में 12231 लखनऊ-चंडीगढ़ एक्सप्रेस, 12357 दुर्गयानी एक्सप्रेस, 14511/12 नौचंदी एक्सप्रेस, 15903 डिब्रूगढ़-चंडीगढ़ एक्सप्रेस, सहारनपुर-प्रयागराज एक्सप्रेस, 14673 शहीद एक्सप्रेस, 14617/18 बानमुखी-अमृतसर एक्सप्रेस प्रभावित रहेंगी।



