Bareilly News: क्षेत्र में अघोषित कर्फ्यू जैसे हालात, लाठीचार्ज पर लोगों में गुस्सा
बरेली। चक महमूद में कांवड़ यात्रा के दौरान हुए बवाल के बाद जोगी नवादा तक चप्पे-चप्पे पर पुलिस और पैरामिलिट्री तैनात है। क्षेत्र में अघोषित कर्फ्यू जैसे हालात हैं। घटना के विरोध में लोगों ने खुद ही अपनी दुकानें बंद रखीं। समूह में केवल बवाल की चर्चा की जा रही है। पुलिस के लाठीचार्ज को लेकर भी लोगों में गुस्सा है।
चक महमूद से पहले पिछले रविवार को जोगी नवादा में कांवड़ यात्रा को लेकर बवाल हुआ था। सप्ताहभर बाद ही दोबारा बवाल हो गया। सोमवार को चक महमूद से जोगी नवादा तक 80 फीसदी दुकानें बंद रहीं। महिलाएं और बच्चे घरों में कैद रहे। पुरुष सड़क किनारे या चबूतरों पर बैठकर चर्चा करते नजर आए। इबादत स्थल के पास सबसे ज्यादा संख्या में पीएसी, आरएएफ और पुलिस लगाई गई थी। इलाके में पुलिस अफसरों के साथ गश्त करती दिखाई दी। एडीएम से लेकर अन्य मजिस्ट्रेट के साथ कई सीओ इस इलाके में मॉनिटरिंग कर रहे हैं। थानेदार से लेकर अफसरों तक कार्रवाई के बाद कांवड़ियों को कुछ तसल्ली मिली पर उनका गुस्सा पूरी तरह खत्म नहीं हुआ।
सादा कपड़ों में घूमकर ले रहे टोह
चक महमूद से जोगी नवादा तक पुलिस और खुफिया अमले के लोग सक्रिय हो गए हैं। कई पुलिसकर्मी सादा कपड़ों में भीड़ के बीच टोह ले रहे हैं। उच्चाधिकारियों के जरिये माहौल की रिपोर्ट शासन को भेजी जा रही है।



