Bareilly News: भरोसे में लेकर वीडियो बनाया, वायरल करने से बिगड़ी बात
बरेली। देवरनिया थाना क्षेत्र में वीडियो वायरल होने के बाद जहर खाकर छात्रा के जान देने का मामला गरमा गया है। सहपाठी छात्र ने छात्रा को भरोसे में लेकर जो वीडियो बनाया, उसे एडिट करके वायरल कर दिया। तभी से छात्रा अवसाद में आ गई थी। बाद में उसने जान दे दी।
देवरनिया के एक इंटर कॉलेज में छात्र और छात्राएं सभी एक साथ पढ़ते हैं। कस्बा व आसपास के गांवों में मिश्रित आबादी है। इस लिहाज से सभी धर्म और जातियों के बच्चे यहां पढ़ाई करते हैं। आधुनिक दौर में छात्र-छात्राओं में बातचीत और आपसी हंसी मजाक भी आम बात है। इस मामले में भी ऐसी ही स्थिति बताई जा रही है। पड़ोसी गांव की छात्रा कस्बे में रोज पढ़ाई करने आती थी। कॉलेज में वह सहेलियों के अलावा सहपाठी छात्रों से भी बात करती थी।
बताया जा रहा है कि 15 अगस्त को जब सभी कॉलेज में जुटे तो उन्होंने एक दूसरे के साथ फोटो व वीडियो बनाए। इसे लेकर किसी के मन में कोई मैल नहीं था। छात्रा को भी जानकारी नहीं थी कि साथ पढ़ने वाला छात्र वीडियो को गाने व दूसरी तरह से अश्लील बनाकर वायरल कर देगा। बताते हैं कि 15 अगस्त को ही छात्र ने वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर कर दिया। छात्रा की सहेलियों ने उसे बताया तो वह सदमे में आ गई। घर में वह गुमसुम रहने लगी।
बताते हैं कि कुछ दिन बाद किसी ने छात्रा के परिजनों को यह वीडियो दिखाया तो वह भी सकते में पड़ गए। उन्होंने छात्रा को डांटा तो वह और घबरा गई। तब तक वीडियो संगठनों के कार्यकर्ताओं तक पहुंच चुका था। उन्होंने इस पर तीखा विरोध जताया। पुलिस ने रिपोर्ट लिखकर आरोपी पर कार्रवाई की तो छात्रा शर्मिंदगी की वजह से जहर खाकर जान देने को मजबूर हो गई। बताया जा रहा है कि आरोपी के पिता मजदूरी पेशा इन्सान हैं जो मुश्किल से गुजर बसर कर रहे हैं, मगर बेटा सोशल मीडिया पर सक्रिय रहता था।



