दर्दनाक हादसा: काम करते वक्त संविदाकर्मी की करंट से मौत, बिजली के खंभे पर चार घंटे लटका रहा शव


बिजली के खंभे पर लटका लाइनमैन का शव
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
उत्तर प्रदेश के बरेली में दर्दनाक हादसा हुआ है। बिथरी थाना क्षेत्र में रसूइया रेलवे स्टेशन के पास शुक्रवार को एफसीआई गोदाम के पीछे विद्युत लाइन ठीक करते वक्त करंट से संविदा कर्मचारी की मौत हो गई। चार घंटे तक उसका शव बिजली के खंभे पर ही लटका रहा। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, तब उसका शव नीचे उतारा गया। परिजनों ने विद्युत निगम के अफसरों पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
गांव नवदिया निवासी शेर सिंह लाइनमैन था। वह शुक्रवार दोपहर विद्युत लाइन ठीक करने एफसीआई गोदाम के पास गया था। यहां तार जोड़ने के लिए विद्युत पोल पर चढ़ा हुआ था। उसी दौरान उसे तेज करंट लग गया, जिससे उसकी मौत हो गई। बताया गया है कि शेर सिंह का शव चार घंटे तक खंभे पर ही लटका रहा। आसपास के लोगों ने खंभे पर शव लटका देखा तो उसके परिजनों को सूचना दी। रोते-बिलखते परिजन व रिश्तेदार मौके पर पहुंच गए।
ये भी पढ़ें- Bareilly: कंडक्टर ने मजदूर को चलती बस से फेंका, पहिये से कुचलकर मौत; रोजी-रोटी के लिए जा रहा था जयपुर



