UP: मेडिकल छात्रों की पढ़ाई में मददगार बनेगी प्रेम कुमारी की देह, रिसर्च करेंगे छात्र; परिवार ने दान की बॉडी

परिवार के लोगों ने दान की देह
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
रामपुर की 95 साल की प्रेम कुमारी जैन की देह से टीएमयू के मेडिकल काॅलेज के छात्र रिसर्च करेंगे। उनकी देह को निधन के बाद परिवार के लोगों ने उनकी इच्छा के अनुसार मेडिकल कॉलेज को दान कर दिया। निधन के बाद नेत्रदान भी किया गया।
दान पुण्य के नाम पर बड़े बड़े काम किए जाते हैं। कुछ लोग मृत्युपरांत नेत्रदान करते हैं तो कुछ लोग देह दान। रामपुर में कलक्ट्रेट के सामने रहने वाली 95 साल की प्रेम कुमारी जैन ने कुछ समय पहले मृत्युपरांत नेत्रदान और देहदान दोनों करने की अंतिम इच्छा परिजनों से जताई थी। प्रेम कुमारी जैन का देहांत सोमवार की रात में हो गया था।
उनकी आखिरी इच्छा के अनुसार परिवार वालों ने उनका देहदान का निर्णय लिया। रामपुर नागरिक समाज के अध्यक्ष सतीश भाटिया ने बताया कि प्रेम कुमारी जैन के तीनों बेटे इंजीनियर वीरेंद्र जैन, सतेंद्र जैन और जितेंद्र कुमार जैन ने नेत्रदान के साथ देहदान कराने के लिए संपर्क किया था,जिसके बाद टीएमयू के मेडिकल कॉलेज से संपर्क साधा गया,जहां से देहदान की प्रक्रिया शुरू कराई गई।
उनका देहदान कराया गया है। प्रेम कुमारी का पहले नेत्रदान कराया गया और फिर टीएमयू को देहदान कर दिया गया। उनकी देह से अब रिसर्च की जाएगी। देहदान कराने की प्रक्रिया रामपुर नागरिक समाज ने वर्ष 2013 में की थी। अब तक पांच लोग देहदान कर चुके हैं।