Pilibhit News: घोटाले की जांच करने पहुंची टीम को ग्रामीणों ने घेरा
पीलीभीत। डीएम के निर्देश पर मरौरी ब्लॉक की ग्राम पंचायत कंजा हरैया (माला कॉलोनी) में जांच करने पहुंची टीम के सामने ही ग्रामीणों ने सचिव और प्रधान को घेर लिया। उनकी ग्रामीणों से जमकर नोकझोंक हुई। इस मामले में जांच रिपोर्ट डीएम को दी जा रही है।
कुछ ग्रामीणों ने डीएम प्रवीण कुमार से गांवों में हुए कामों में घोटाला किए की शिकायत की थी। डीएम ने सीडीओ को जांच कराने के आदेश दिए थे। जांच के लिए अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत और ग्रामीण अभियंत्रण सेवा के अवर अभियंता को नामित किया गया था। टीम जब गांव में जांच करने पहुंची ताे वहां पर प्रधान और सचिव भी मौजूद थे।
ग्रामीणों ने जब सरकारी धन के बंदरबांट की शिकायत जांच अधिकारी से की तो ग्राम प्रधान और सचिव आगबबूला हो गए। इस पर ग्रामीणों ने दोनों का घेराव कर लिया। जमकर नोकझोंक हुई। मारपीट होते-होते रह गई। किसी तरह से दोनों पक्षों को शांत कराकर जांच प्रक्रिया को पूरा किया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि जांच टीम भी आरोपों को खारिज कर रिपोर्ट तैयार कर रही है। उधर, ग्रामीणों की प्रधान और सचिव के साथ हो रही झड़प का किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
ग्रामीणों की ओेर से लगे आरोपों की मौके पर जाकर जांच की गई है। जांच के दौरान ही कई बार मारपीट की स्थिति बनी। जांच रिपोर्ट डीएम को दी जाएगी।- हरमीक सिंह, अपर मुख्य अधिकारी, जिला पंचायत